कंटेनमेंट एरिया और ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर दिन में दो बार सैनिटाइजेशन
इंदौर। नगर निगम ने शहर में कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए सैनिटाइजेशन की विशेष व्यवस्थाएं की हैं।खासतौर पर ज्यादा संक्रमण वाले कंटेनमेंट एरिया और ज्यादा लोगों की आवाजाही वाले इलाकों में दिन में दो बार सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।
निगम के अपर आयुक्त संदीप सोनी ने बताया कि ज्यादा भीड़ वाले क्षेत्र जैसे वैक्सीनेशन सेंटर, अस्पताल और मेडिकल स्टोर पर लगातार सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। पब्लिक प्लेस और दवा बाजार में दिन में कम से कम दो से तीन बार सैनिटाइजेशन करवाया जा रहा है। अपर आयुक्त ने बताया कि सैनिटाइजेशन के लिए निगम प्रशासन ने 60 से 70 बड़ी गाड़ियां लगाई हैं, जो सुबह से देर रात तक यही काम कर रही हैं। इसके साथ ही हर जोन को विभिन्ना वार्डों में सैनिटाइजेशन के लिए अलग से ट्रैक्टर टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। ये टैंकर समय-समय पर कालोनियों और बस्तियों के घरों व इमारतों में सैनिटाइजेशन कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण से ठीक हुए लोगों के घरों के भीतर सीकर के माध्यम से सैनिटाइजेशन की सुविधा दी जा रही है।
चोइथराम मंडी में 22 वाहनों से एक साथ सैनिटाइजेशन
चोइथराम फल और सब्जी मंडी में सोमवार सुबह नगर निगम के 22 वाहनों ने एक साथ सैनिटाइजेशन किया। इस दौरान 10 ट्रैक्टर, छह बड़ी प्रेशर मशीन, दो जेट प्रेशर मशीन और चार जेट टैंकर मशीनों की मदद से पूरे मंडी क्षेत्र को सैनिटाइज किया गया। मशीनों की मदद से 360 डिग्री के सैनिटाइजेशन से मंडी का कोना-कोना कवर किया गया। दौरान कलेक्टर मनीष सिंह, निगम के अपर आयुक्त सोनी और एसडीएम आदि उपस्थित थे।