गैस लाइन बिछाने के लिए खोदी सड़कें अपने हाल पर छोड़ी, बनी मुसीबत
भोपाल। गैस लाइन बिछाने के लिए थिंक गैस कंपनी ने शहर के कई इलाकों में सड़कों की खोदाई की, लेकिन बाद में उन्हें अपने हाल पर ही छोड़ दिया। इस कारण अब ये सड़कें लाखों लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। थोड़ी बारिश होते ही सड़कों पर कीचड़ फैल जाता है, जबकि मौसम सामान्य होने पर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। निगम अधिकारी भी कंपनी के रवैये से खफा है और नोटिस जारी किया है। यदि कंपनी ने मरम्मत नहीं कराई तो निगम बैंक गारंटी से सड़कों की हालत सुधारेगा।
गैस लाइन बिछाने का काम लंबे समय से चल रहा है। होशंगाबाद रोड पर लाइन बिछाई गई है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में सड़कें जर्जर है। सुभाषनगर में भी लाइन बिछा दी गई है। यहां पर सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। इस कारण भेल तिराहे से प्रभात चौराहा के बीच सड़क खुदी पड़ी है। एक ओर से गहरे गड्ढे किए गए, जो पुन: नहीं भरे गए हैं।
छह माह से समस्या
सुभाष नगर में पिछले करीब छह महीने से समस्या है। जनवरी में खोदाई शुरू की गई थी। फरवरी में नर्मदा लाइन भी फूट गई थी। जिससे लाखों लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा था। इसके बाद आगे खोदाई की गई। यह काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। गैराज संचालक बबलू भाई ने बताया कि खोदाई के चलते सड़क की एक लेन पूरी तरह से बंद हो गई है। इससे यातायात का दवाब दूसरी लेन पर आ गया है। इस कारण पूरे दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसके अलावा धूल के गुबार भी उड़ते रहते हैं। परेशानी हो रही है।
– पाइप लाइन बिछाने के बाद मरम्मत का काम थिंक गैस कंपनी को ही करना है। इसे लेकर कंपनी को नोटिस भी दिए जा चुके हैं। यदि जल्द काम पूरा नहीं होता है तो निगम काम करवाएगा। जिसका भुगतान बैंक गारंटी की राशि से करेंगे।
केवीएस चौधरी कोलसानी, निगमायुक्त