सड़क पार रहे मजदूर को कार ने मारी टक्कर, मौत
भोपाल। गुनगा थाना इलाके में पैदल सड़क पार कर रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गुनगा थाना पुलिस के मुताबिक श्यामलाल रावत (55) ग्राम लालघाटी रतुआ में रहता था। वह खेतों में मजदूरी करता था। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे श्यामलाल गांव के सामने सड़क पार कर रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने श्यामलाल को टक्कर मार दी। इससे श्यामलाल दूर जाकर गिरा और उसके शरीर में गंभीर चोटें आई। श्यामलाल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चेक करने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद आरोपित वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रेन से कटकर दो की मौत
उधर, भोपाल शहर में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस इन मामलों में पता लगा रही है कि मृतक हादसे का शिकार बने या फिर उन्होंने खुदकुशी की। ऐशबाग थाना पुलिस के मुताबिक राजीव नगर निवासी सलमान खान (25) पन्नी बीनने का काम करता था। बुधवार शाम करीब सात बजे वह सुभाष नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास किसी ट्रेन से कट गया। उधर बागसेवनिया थाना पुलिस ने बुधवार रात आठ बजे आरआरएल तिराहा के पास रेल पटरी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान गौतम नगर निवासी जोधराज मेघवाल (60) के रूप में हुई। वह शाम करीब छह बजे घर से टहलने के लिए निकले थे।