नालों से नहीं हटा कब्जा, सफाई में बन रहे बाधा
बिलासपुर। बारिश में पानी निकासी की समस्या रोकने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख नालों की सफाई की जा रही है। वहीं, शहर के कई नालों पर कब्जा कर होटल व दुकान चलाए जा रहे हैं। पक्का निर्माण होने के कारण इन नालों की सफाई नहीं हुई है। इसकी वजह से तेज बारिश होने पर जल भराव की समस्या होगी।
नगर निगम ने बारिश के पहले 125 नाले व नालियां की सफाई करने की योजना बनाई थी। हालांकि अभी तक सिर्फ 50 नाले-नालियों की ही सफाई हुई है। इसके बाद काम स्र्क गया है। अब लगातार बारिश हो रही है। वहीं निगम के सफाई कर्मियों का कहना है कि कुछ बड़े नालों पर कब्जा कर होटल, सब्जी दुकान, पान ठेला आदि संचालित हो रहे हैं।
कई जगह पर पक्का निर्माण किया जा चुका है। ऐसे में इन नालों की सफाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में निगम नालों से कब्जा हटाने के लिए सूची बनाई थी। इसमें 20 से ज्यादा स्थानों पर कब्जा मिला था। लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। अब इसकी वजह से नालों की सफाई नहीं हो पा रही है। पुराना बस स्टैंड के नाले के ऊपर होटल का संचालन हो रहा है तो कुछ नालों के ऊपर सर्विसिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं।
सरकंडा क्षेत्र में सबसे ज्यादा कब्जा
सरकंडा क्षेत्र के नालों में सबसे ज्यादा कब्जा है। नूतन चौक से लेकर एसईसीएल तक सड़क के दोनों ओर नालों में निर्माण कर लिया गया है। इसमें कुछ तो वर्षों पुराने हैं। ऐसा नहीं है कि निगम को इसकी जानकारी न हो।
नालों पर कब्जा हटाने के लिए सूची बनाई गई है। निर्देश मिलते ही इन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रमिल शर्मा
प्रभारी, अतिक्रमण विरोधी टीम