फांसी लगाकर जान दी, सुसाइड नोट में लिखा मैं डिप्रेशन में हूं
इंदौर। शहर के भोलाराम उस्ताद मार्ग इलाके में रहने वाली 45 वर्षीय अमरजीत कौर पत्नी गुरमीत सिंह ने बुधवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। भंवरकुआं थाना पुलिस के मुताबिक बेटे ने फंदे पर लटका हुआ देखा तो अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। महिला ने लिखा है कि मैं बहुत डिप्रेशन में हूं, इस कारण आत्महत्या कर रही हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार किसी को न ठहराया जाए। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर, महिला का पोस्टमार्टम कराया है। महिला के दो बेटे हैं। पति खुद का ट्रक चलाता है। कई दिनों तक घर नहीं आने के कारण महिला परेशान रहती थी।
पैर में फ्रैक्चर से परेशान व्यक्ति ने लगाई फांसी
तुकोगंज थाना क्षेत्र के ग्रीन पार्क कालोनी में रहने वाले 52 वर्षीय कैलाश पुत्र गणपत सिंह पाटिल ने बुधवार देर रात बाथरूम में जाकर फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि कैलाश मजदूरी का काम करता था और परिवार के साथ ही रहता था। स्वजनों ने पुलिस को बताया कि पैर में फ्रैक्चर था और लाकडाउन के कारण उसकी कमाई का जरिया खत्म हो गया था, आर्थिक रूप से परेशान और असहाय होने के कारण उनसे यह कदम उठाया है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। स्पष्ट कारण आने के बाद आगे कार्रवाई करेगी।
पत्नी झगड़ा करके मायके गई तो युवक ने फांसी लगाई
नया बसेरा के रहने वाले 27 वर्षीय किशन पुत्र संतोष ने गुरुवार शाम चार बजे फांसी लगाकर जान दे दी। गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। स्वजनों से बातचीत में पता चला है कि बुधवार को पत्नी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पत्नी महाराष्ट्र अपने मायके चली गई थी। इसी गम में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्वजनों के बयान लेने के बाद सही कारण पता चल सकेगा।