शराब के नशे में युवक ने काट दिया कुत्ते का पैर, आरोपित गिरफ्तार
बिलासपुर। शराब के नशे में युवक ने बेसहारा कुत्ते के पैर तलवार से काट दिया। साथ ही उसके गले मे वार कर घायल कर दिया। घायल कुत्ते को स्वयंसेवी संघठन की युवती ने उपचार के लिए पशु चिकित्सालय में भर्ती करा दिया है। वहीं इसकी शिकायत तोरवा थाने में की। इस पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना तोरवा के शंकर नगर की है।
कुदुदंड निवासी निधि तिवारी घायल बेसहारा पशुओं की देखरेख करती है। रविवार की सुबह उन्हें तोरवा के शंकर नगर निवासी आस्था बहेलिया ने फोन किया। आस्था ने उन्हें बताया की ओवरब्रिज के पास शनिवार की रात दो बजे मोहल्ले के ही राहुल सिंह ने तलवार से हमला कर बेसहारा कुत्ते का दाहिना पैर काट दिया।
घायल कुत्ता दर्द से लगातार छटपटा रहा था। इसलिए आस्था ने घायल कुत्ते को अपने घर में रख लिया। घटना की सूचना पर निधि अपनी टीम के साथ शंकर नगर पहुंची। उन्होंने कुत्ते को प्राथमिक उपचार के लिए व्यापार विहार स्थित जानवरों के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही इसकी शिकायत तोरवा थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया है।