पूर्व मंत्री जीतू पटवारी पर एफआइआर दर्ज होने के पश्चात काम पर लौटे निगम कर्मचारी
इंदौर। डेंगू-मलेरिया की जागरुकता अभियान को लेकर दो दिन पहले दुर्गानगर में निगम के स्वास्थ अधिकारी डॉ. उत्तम यादव व प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी के बीच हुए विवाद के बाद शुक्रवार को राजेन्द्र नगर थाने में पूर्व मंत्री पटवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई
एक दिन पूर्व हुए इस घटनाक्रम को लेकर शुक्रवार सुबह तक नगर निगम के वाल्मीकि समाज के अधिकारी व कर्मचारी ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। ऐसे में शुक्रवार सुबह से ही निगम के स्वास्थ अधिकारी, प्रभारी दरोगा, सीएसआई सहित निगम के कर्मचारी काम बंद कर राजेन्द्र नगर थाने पर जमा हुए। थाने में पूर्व मंत्री पटवारी के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने के बाद सभी कर्मचारी काम पर लौटे। ऐसे में शुक्रवार सुबह शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
सफाई कर्मचारी सड़कों व प्रमुख मार्गों पर सफाई के लिए सुबह 10 बजे बाद पहुंचे। वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष प्रताप करोसिया के मुताबिक हमारी मांग थी निगम के अधिकारी के साथ पूर्व मंत्री द्वारा की गई अभ्रदता के मामले में पूर्व मंत्री पर एफआइआर दर्ज की जाए। थाने में एफआइआर दर्ज होने के बाद सभी सफाई कर्मी व निगम के अधिकारी काम पर लौटे और शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु रुप से बनाए रखा।