दो दिवसीय दौरे में तहसील मुख्यालय शहपुरा पहुंचे राज्यपाल
डिंडौरी। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल आज मंगलवार को दो दिवसीय दौरे में डिंडौरी जिले के तहसील मुख्यालय शहपुरा पहुंचे। दो दिन के कार्यक्रम में राज्यपाल जहां संरक्षित जनजाति में शामिल बैगा ग्रामीण तितरू के घर पहुंचकर भोजन करेंगे, वहीं छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे हुए बैगाचक क्षेत्र चांडा में मंगलवार की रात विश्राम करेंगे। राज्यपाल 10:30 बजे शहपुरा हेलीकॉप्टर से पहुंचे। यहा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल कुछ ही देर शहपुरा में रुकने के बाद राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान घुघवा का निरीक्षण करने के लिए रवाना हो गए। हेलीपैड में कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, अपर कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ अंजू विश्वकर्मा, शहपुरा एसडीएम काजल जावला, शहपुरा विधायक भूपेंद्र मरावी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। जीवाश्म उद्यान पहुंचे राज्यपाल ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया, उसके बाद वे जनजाति कल्याण केंद्र आ रहे हैं। गौरतलब है कि घुघवा में देश का यह एक मात्र जीवाश्म राष्ट्रीय उद्यान है। राज्यपाल दोपहर साढ़े 12 बजे जनजातीय कल्याण केंद्र बरगांव पहुंचेंगे। यहां राज्यपाल के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
चांडा में बिताएंगे रात : राज्यपाल दोपहर ड़ेढ बजे सड़क मार्ग से डिंडौरी पहुंचेंगे। यहां कलेक्ट्रेट परिसर के सामने रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर मार्ल्यापण करने के बाद वे वनग्राम चांडा के लिए रवाना हो जाएंगे। शाम चार से पांच बजे तक चांडा में हितलाभ वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। चांडा में राज्यपाल लोगों से मिलेंगे भी। रात वे चांडा के ही रेस्ट हाउस में बिताएंगे। कल छह अक्टूबर को सुबह साढ़े नौ बजे उपस्वास्थ्य केंद्र चांडा का निरीक्षण करने के बाद ग्राम तातर पहुंचकर आंगनवाड़ी भवन, प्रधानमंत्री आवास निर्माण का निरीक्षण करते हुए पौधरोपण भी करेंगे।
मनरेगा के कार्यों को भी देखेंगे राज्यपाल : राज्यपाल ग्राम सिलपिड़ी पहुंचकर मनरेगा के द्वारा बनाए गए मेढ़ बंधान कार्य का निरीक्षण करेंगे और कोदो कुटकी की फसल का अवलोकन भी करेंगे। सुबह 11 बजे विश्राम गृह चांडा में कुछ समय बिताने के बाद वे बजाग में तेजस्विनी यूनिट का भी निरीक्षण करते हुए कोदो कुटकी प्रसंस्करण से तैयार उत्पादों को देखेंगे। दोपहर साढ़े 12 बजे लालपुर सानी पहुंचकर स्थानीय बैगा किसान के यहां राज्यपाल भोजन भी करेंगे। यहां से एमपीटी पाटनगढ़ पहुंचकर गोंडी पेंटिंग का निरीक्षण करते हुए शाम चार बजे अमरकंटक रवाना हो जाएंगे।