बिगड़ी कानून व्यवस्था पर भाजपा का उग्र प्रदर्शन, सभी मंडल में फूंके पुतले
रायपुर। छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर भाजपा ने सभी 300 मंडलों में सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पाटन विधानसभा क्षेत्र में खुड़मुड़ा हत्याकांड और बठेना हत्याकांड को लेकर पुतला दहन किया गया।
नारायणपुर से लेकर राजनांदगांव और सरगुजा से सुकमा तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में आक्रोश है। यह सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से असफल है। बठेना की घटना की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। बठेना मामले की उच्च स्तरीय जांच हो, जिससे पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके। इस हृदय विदारक घटना ने सबको व्यथित किया है।
पूरे प्रदेश में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ताओं में जो आक्रोश है, वह प्रदर्शन के रूप में सामने आया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि राजधानी रायपुर में हत्या कर उसका वीडियो बना अपराध को महिमामंडित करते हैं। पूरे प्रदेश में शराब माफिया, भूमाफिया, रेत माफिया, कोल माफिया का आतंक कायम हो गया है। भाजपा सरकार से मांग करती है कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दे।
मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। साथ ही राज्य में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करें। इस दौरान प्रदेश के सभी मंडलों के मोर्चा-प्रकोष्ठों सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
खुड़मुड़ा कांड के पीछे जमीन माफिया: बृजमोहन
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा सड़कों पर उतरकर, लड़ाई लड़कर जनता को अपने साथ लेने का काम कर रही है। खुड़मुड़ा कांड के पीछे जमीन माफिया हैं, जिसका खुलासा होना चाहिए। कांग्रेस राज में नक्सली गतिविधियां बढ़ी हैं। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोरोना से मृत्यु दर बढ़ने का कारण राज्य सरकार की लापरवाही है।
छत्तीसगढ़ में कोरोना के बढ़ते प्रकरण को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहीं है। कोरोना के ऊपर लगे सेस की राशि को राज्य सरकार ने खर्च नहीं किया। गोधन न्याय योजना से कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने में सरकार लगी है। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट सिटी की राशि का दुरुपयोग हो रहा है। स्मार्ट सिटी के पैसों की बंदरबांट हो रही है।