आंगन में गड्ढा खोदकर छिपाया था एक किलो चार सौ ग्राम गांजा
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के मटियारी में ग्रामीण अपने घर के आंगन में गड्ढा खोदकर गांजा छिपा कर रखा था। पुलिस ने दबिश देकर एक किलो चार सौ ग्राम गांजा जब्त किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। सीपत क्षेत्र में गांजा की तस्करी होने की लगातार सूचनाएं मिल रही थी। वहीं आसपास के ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी। क्षेत्र के गांव-गांव में गांजा का पुड़िया बनाकर बेचा जाता है।
इस पर पुलिस ने गांजा तस्कर को पकड़ने मुखबिर लगाया था। गुस्र्वार की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि मटियारी निवासी प्रेमसागर सिसोदिया (42 वर्ष) गांजा बेचता है। वह बाहर से गांजा लेकर आया है और अपने घर के आंगन में गड्ढा खोदकर छिपा रखा है। इस पर पुलिस गांव पहुंच गई। इस दौरान ग्रामीण को पकड़कर उससे पूछताछ की, तब वह गोलमोल जवाब देने लगा। पूछताछ में पुलिस को गुमराह करते रहा। कड़ाई से पूछताछ में उसने घर के आंगन में गांजा रखने की बात कही।
ग्रामीण के बताए अनुसार पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आंगन में खोदाई की, तब थैले में गांजा निकला। थैले से एक किलो 400 ग्राम गांजा निकला। इस पर पुलिस आरोपित ग्रामीण को पकड़कर थाने ले गई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
ओड़ीशा से लाता है गांजा
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ग्रामीण ने बताया कि वह ओड़ीशा से गांजा लाकर आसपास के ग्रामीणों को चिल्हर में बेचता है। कई बार बाहर से तस्कर आकर बेचने के लिए उसके पास गांजा छोड़कर चले जाते हैं। पुलिस उससे गांजा तस्करों की जानकारी जुटा रही है।