ट्रेन में बिगड़ी बीमार बुजुर्ग महिला की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय मौत
बिलासपुर। हावड़ा- अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन में बेहतर इलाज के लिए टाटा से अहमदाबाद जा रही बुजुर्ग की महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर बिलासपुर में उतारा गया। इस दौरान रेलवे अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में मौत हो गई है। मर्ग कायम कर जीआरपी ने शव स्वजनों को सौंप दिया है।
घटना शुक्रवार की है। बिहार के नालंदा जिला निवासी मंजू देवी (62) बीमार थीं। उनका झारखंड के चाइबासा में स्वजन इलाज करा रहे थे। करीब एक से डेढ़ महीने बाद में स्वास्थ्य में सुधार नहीं आया। इस पर स्वजनों ने बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद लेकर जाने का निर्णय लिया। अहमदाबाद जाने से उन्होंने टाटा से अहमदाबाद के रिजर्वेशन कराया। सभी बी-2 कोच में सवार होकर टाटा से रवाना हुए।
ट्रेन गतौरा के करीब पहुंची तभी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर स्वजन घबरा गए और उन्होंने टीटीई से मदद मांगी। टीटीई ने तत्काल बिलासपुर रेलवे कंट्रोल को जानकारी दी। इसके बाद रेलवे अस्पताल की टीम स्टेशन पहुंची। जांच की गई। स्थिति को देखते हुए अस्पताल लेकर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद महिला रेलवे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना जीआरपी थाने को दी गई। स्वजनों से जानकारी ली। जिसमें उन्होंने महिला के बीमार होने की जानकारी दी। इस पर शव को अंतिम संस्कार के लिए दे दी गई। स्वजन बिलासपुर से निजी वाहन किराया कर नालंदा के लिए रवाना हुए।