ड्यूटी से घर लौट रहा था आरक्षक, वाहन की ठोकर से हुआ घायल
बिलासपुर। ड्यूटी करने के बाद अपने घर जा रहे आरक्षक को तेज रफ्तार वाहन ने चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। मोहित राम डाहिरे पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पोस्टिंग पुलिस लाइन में है। घटना बीते 6 मार्च की रात 9.30 बजे की है। रात में वे ड्यूटी कर तिफरा स्थित अपने घर जाने के लिए निकले थे।
अभी आरक्षक डाहिरे महाराणा प्रताप चौक के पाास पहुंचे थे। उसी समय तेज रफ्तार वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उन्हें पीछे से ठोकर मार दिया। इस हादसे में आरक्षक बाइक सहित गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने से आरक्षक बेहोश हो गए। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया। साथ ही इस हादसे की खबर मोबाइल के जरिए आरक्षक के बेटे सुरेंद्र कुमार डाहिरे को दी
खबर मिलते ही सुरेंद्र तत्काल सिम्स पहुंच गया। आरक्षक का सिम्स में प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, बाद में इस हादसे की सूचना सिविल लाइन थाने में दी गई। पुलिस ने आरोपित वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मोबाइल से स्वजन को मिली खबर
इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई थी। इस दौरान खून से लथपथ आरक्षक बेहोश पड़ा था। युवकों ने आरक्षक की पहचान होने के बाद उनके मोबाइल के जरिए स्वजनों से संपर्क किया। फिर उसे उपचार के लिए सिम्स ले जाने की सूचना दी।