पति के दोस्त ने महिला को अगवा कर किया दुष्कर्म, प्रकरण दर्ज
भोपाल। ऐशबाग इलाके में एक 22 वर्षीय विवाहित महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित उसके पति का दोस्त है। उसने महिला को डरा-धमकाकर पांच माह पहले दुष्कर्म किया था और बाद में वह उसे अपने साथ मुंबई व अन्य जगहों पर ले गया था। कुछ दिन पहले महिला उसके चंगुल से छूटकर अपने घर वापस पहुंची। आरोपित के खिलाफ महिला ने थाने में पहुंचकर केस दर्ज कराया। पुलिस आरोपित की तलाश में लगी है।
ऐशबाग पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय महिला अपने परिवार के साथ इलाके में रहती है। उसका पति निजी काम करता है। उसके घर पर उसके पति के दोस्त वसीम अली का आना-जाना था। पति का दोस्त होने के नाते महिला भी उससे बातचीत कर लिया करती थी। इसी दौरान आरोपित पांच नवंबर 2020 को महिला के घर पहुंचा। महिला उस वक्त घर में अकेली थी। आरोपित ने महिला को डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। आरोपित ने महिला को धमकाया कि अगर घटना के बारे में किसी को बताया तो वह उसके बच्चे को मार देगा। बाद में आरोपित की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि वह महिला को अपने साथ मुंबई, अजमेर और महू ले गया। जहां पर आरोपित ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। अभी कुछ दिन पहले महिला आरोपित के चंगुल से छूटकर अपने पति के पास पहुंची और पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद महिला ने अपने पति के साथ ऐशबाग थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोपित फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी है।