मृतक का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी खेत में मिले
बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के खरकेना निवासी किसान की हत्या के तीसरे दिन पुलिस ने घटना से कुछ दूर खेत से खून से सनी कुल्हाड़ी और मृतक का मोबाइल जब्त किया है। वहीं, मामले की जांच के दौरान कई सुराग मिले हैं। पुलिस इसकी बिंदुवार जांच कर रही है। हिर्री थाना प्रभारी शांत कुमार साहू ने बताया कि खरकेना में रहने सुरेश साहू(40 वर्ष) की हत्या के मामले में गुस्र्वार को पुलिस ने घटना स्थल से कुछ दूर पर खून से सनी कुल्हाड़ी और मृतक का मोबाइल जब्त किया है।
इसे जांच के लिए साइबर सेल और फोरेंसिक विभाग में भेजा गया है। वहीं, मृतक के परिवार वालों से पूछताछ में पता चला कि मृतक कर्ज में डूबा था। इस पर उसने बीते दिनों अपनी जमीन बेची दी थी। इसके बाद उसने कर्ज में लिए रकम को लौटा दिया था। पुलिस ने इसकी तस्दीक की है। वहीं, मृतक के जान-पहचान वालों से पूछताछ की गई है। इसमें कई अहम जानकारियां मिली हैं। इसके बाद जांच के बिंदु तय कर टीम बनाया गया है। दो टीम मामले की जांच कर रही है।
गड़े धन निकालने की भी चर्चा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक सुरेश साहू जमीन में गड़े धन की तलाश किया करता था। इसके लालच में कई लोगों के संपर्क में था। इस पर पुलिस इसकी तस्दीक कर रही है। एएसपी रोहित झा ने कहा कि मामले में कई बातें पता चली हैं। इसके आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचा नहीं जा सका है। जल्द ही आरोपित पकड़ा जाएगा।