लालपुर का फल बाजार सील, पुलिस और निगम टीम ने की कार्रवाई
रायपुर। रायपुर जिला प्रशासन ने लाॅकडाउन में थोड़ी राहत दी है। फल, सब्जी सहित अन्य दुकानों को खोलने की अनुमति दी है। लेकिन इस छूट में भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। शहर के फल, सब्जी बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। राजधानी रायपुर में कई जगहों में आज सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
लालपुर के फल बाजार में भी सोमवार सुबह छह बजे लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद बाजार को सील कर दिया। दरअसल थोक बाजार में स्ट्रीट वेंडर्स फल लेने पहुंच रहे थे।
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक लाॅकडाउन में ऐसी गतिविधियां गलत हैं और भीड़ से संक्रमण फैलने की आशंका ज्यादा है। बाजार को सील करने के बाद भीड़ को वहां से हटा दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह भीड़ में न जाएं। कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका अधिक है। खुद सुरक्षित रहें और दूसरों को भी इस महामारी की चपेट में आने से बचाएं।
फल मंडी खोलने का निर्देश नहीं
रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 10 के आयुक्त दिनेश कोसरिया ने बताया कि फल मंडी को खोलने का निर्देश नहीं है। फिर भी यहां पर दुकानों को खोला गया था। इस पर पहले समझाइश दी गई। फिर मार्केट को सील किया गया है। यहां पर ठेले गुमटी वालों की भारी भीड़ थी। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।