घर-घर जाकर लोगों को कोरोना टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहे संघ के स्वयंसेवक
भोपाल। कोरोना संकट के दौरान सेवा और सहायता कार्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता टीकाकरण के लिए जन-जागरुकता अभियान भी चला रहे हैं। स्वयंसेवक टोली बनाकर टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निकल रहे हैं। वे घर-घर जाकर टीकाकरण भी करवा रहे हैं।
भोपाल के नारायण नगर, अयोध्या नगर, क्रेशर बस्ती, आनंद नगर, शिव बस्ती, सिद्धार्थ नगर, भगत सिंह नगर, गौतम नगर, कल्पना नगर सहित कई कॉलोनियों में स्वयंसेवकों की टोलियां पहुंची हैं। जिन लोगों ने टीकाकरण करा लिया है, उन्हें मास्क पहनने, शारीरिक दूरी रखने और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर समझाइश दी जा रही है। गौरतलब है कि संघ के स्वयंसेवकों द्वारा पूरे मध्यभारत प्रांत में टीकाकरण के लिए जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी तरह गंजबासौदा के सिरोंज में सहरिया आदिवासी बस्तियों में स्वयंसेवक लोकगीत गाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 45 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे लोग जो टीकाकरण के लिए केंद्र तक आने में असमर्थ हैं, उनके लिए घर पर ही टीका लगवाने की व्यवस्था की जा रही है।