प्रेम विवाह के बाद कार और पांच लाख मांगे, चोटी पकड़ कर घर से निकाला
इंदौर। महिला थाना पुलिस ने मुनि नगर उज्जैन निवासी 30 वर्षीय अंजली की शिकायत पर पति तरुण जायसवाल व सास शीला और ससुर चंद्रकांत जायसवाल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना तथा मारपीट का केस दर्ज किया है। अंजली का आरोप है कि उससे दहेज में कार और पांच लाख रुपये नकदी की मांग की। उसके साथ मारपीट की और चोटी पकड़ कर घर से निकाला। बच्ची को जन्म देने के बाद पेट में लात मारी गई।
टीआई ज्योति शर्मा के मुताबिक अंजली ने अक्टूबर 2019 में स्वास्थ्य नगर (सुखलिया) निवासी तरुण से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवार की राजी-मर्जी से आर्य समाज में शादी की थी। शादी के एक महीने बाद ही पति और सास-ससुर के व्यवहार में बदलाव आ गया और उसे परेशान करने लगे। सास-ससुर तो बोलते थे कि तूने हमारे बेटे को फंसा लिया है। वरना वो शादी ही नहीं करता। समाज में शादी करता तो लाखों रुपये मिलते। आरोपितों ने कार और पांच लाख की मांग की। अंजली ने समझाया कि माता-पिता की इसनी हैसियत नहीं है। इस पर भड़क गए और मारपीट करने लगे। चोटी पकड़ते और बाहर निकालते थे। छह महीने पूर्व अंजली की डिलीवरी हुई और बेटी को जन्म दिया।
आरोपितों ने कहा कि पहली डिलीवरी तो मायके में होती है। डिलीवरी का खर्चा भी माता-पिता उठाते हैं। पेट में टांके लगने के बावजूद आरोपितों ने लात मारी और परेशान किया। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसिलिंग करवाई लेकिन बात नहीं बन पाई। गुरुवार को पुलिस ने तरुण, शीला और चंद्रकांत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।