ताई के बारे में भ्रामक मैसेज चलाने पर प्रकरण दर्ज
इंदौर। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई भ्रामक मैसेज चले। इस मामले में पूर्व पार्षद सुधीर देड़गे की रिपोर्ट पर सराफा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 188 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। देड़गे ने शिकायत में कहा कि आरोपित ने इंटरनेट मीडिया पर महाजन को लेकर झूठी खबर वायरल की थी। फिलहाल ताई अभी भी अस्पताल में भर्ती है और उनका स्वास्थ्य भी ठीक है।
गुरुवार को ताई को लेकर कांग्रेस नेता शशि थरुर, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी ट्वीट किए थे। इसके अलावा कुछ न्यूज चैनलों ने भी गलत खबर प्रसारित कर दी थी। इसके बाद ताई और उसके स्वजन देर रात तक परेशान होते रहे। ताई ने झूठी खबर को लेकर कहा कि बगैर पुष्टि के भ्रामक खबरें नहीं चलाना चाहिए। प्रशासन से पुष्टि करना चाहिए। सरकार को भी इस बारे में संज्ञान लेना चाहिए।