अहमदाबाद की साबरमती जेल से प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी गिरफ्तार, ठगे थे 5 लाख
सीकर: सेना में भर्ती करवाने के मामले में सदर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सेना में भर्ती का झांसा देकर लाखों रुपए ले लिये थे। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर अब उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी हरीश भाई प्रजापति आर्मी से रिटायर हो चुका है।सदर थाने में रणजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके साले विक्रम कुमार को सेना में नौकरी लगाने का झांसा देकर हरीश प्रजापति ने तीन साल पहले पांच लाख रुपए की ठगी की है। हरीश प्रजापति अहमदाबाद में ही रहता है। उसने दलाल के मार्फत सेना में भर्ती करवाने के नाम पर उनसे लाखों रुपए हड़प लिये।हरीश प्रजापति को पेपर लीक मामले में गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद सेना में भर्ती के नाम पर रुपए ठगी करने का खुलासा हुआ। सदर थानाधिकारी सुनीता बायल ने बताया कि टीम ने गुजरात जाकर हरीश प्रजापति के बारे में जानकारी जुटाई। जानकारी मिली की आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में है। जिसके बाद आरोपी हरीश प्रजापति को प्रोडक्शन वारंट पर साबरमती जेल से गिरफ्तार किया गया।