बाराबंकी में ब्लैक फंगस ने दी दस्तक, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
बाराबंकीः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे जिले तथा अफीम की खेती के लिए मशहूर जिले बाराबंकी में ब्लैक फंगस की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बाराबंकी के फतेहपुर इलाके के भगौली तीर्थ गांव निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य 82 वर्षीय सुरेंद्र सिंह में ब्लैक फंगस की पुष्टि होने के बाद गंभीर अवस्था में लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया गया है।
परिजनों के अनुसार करीब एक माह पहले कोरोना संक्रमित थे। घर पर आइसोलेशन के समय उनका ऑक्सीजन लेवल ठीक था। अचानक 5 दिन पूर्व उन्हें खून की उल्टी हुई। परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया जहां उनका इलाज किया जा रहा था। जांच के दौरान पेट में ब्लैक फंगस होने की जानकारी हुई। आज उन्हें गंभीर अवस्था में एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है।