मनचलों से परेशान होकर नौवीं की छात्रा ने खा लिया जहर
भोपाल। हनुमानगंज थाना इलाके में रहने वाली एक नौवीं की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ छेडछाड का केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों में एक नाबालिग भी शामिल है।
हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी नौवीं कक्षा में पढती है। लंबे समय से उसे मोहल्ले में रहने वाले चार लडके परेशान कर रहे थे। वे लोग घर से निकलते ही किशोरी का पीछा करने लगते थे। साथ ही किशोरी को अश्लील इशारे भी करते थे। किशोरी घर से कुछ दूर रहने वाली अपनी बुआ के घर के पास कोचिंग पढती जाती है। वहां पहुंचकर भी मनचले किशोरी को तंग करते थे। परेशान होकर किशोरी ने शुक्रवार शाम को करीब सात बजे घर में काकरोच मारने का पाउडर खा लिया था। हालात बिगडने पर परिवार के लोगों ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से मिली सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी से प्रारंभिक पूछताछ कर चार आरोपियों गोलू पंडित, दीपक, कौशिक और एक नाबालिग के खिलाफ पीछा कर छेडछाड करने, अश्लील इशारे करने और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जेल से छूटे युवक ने फांसी लगाई
भोपाल। खजूरी सडक थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने शुक्रवार को फांसी लगा ली। वह हाल ही में जेल से छूटा था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि विवाद होने के कारण दस साल से उसकी पत्नी,बेटे के साथ मायके में रह रही है। इस वजह से युवक तनाव में रहता था। मामले की जांच की जा रही है। खजूरी सडक थाना प्रभारी संध्या मिश्रा के अनुसार खजूरी सडक इलाके में रहने वाला भोजराज पुत्र मांगीलाल मेवाडा (32) पेशे से किसान था। भोजराज का उसकी पत्नी से करीब दस साल से विवाद चल रहा है। उसकी पत्नी बेटे के साथ सीहोर में अपने मायके में रह रही है। पत्नी से हुए विवाद के मामले में भोजराज को सीहोर पुलिस ने पुराने वारंट में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पिछले दिनों ही भोजराज जमानत पर छूटकर घर आया था। उसके बाद से गुमसुम रहने लगा था। वह अपने घर में रहकर ग्राम लखापुर में बडे भाई भगवानसिंह के साथ खेत पर रहने लगा था। शुक्रवार सुबह भोजराज का मंझला भाई कन्हैयालाल खेत पर दूध लगाने गया तो उसने पेड पर भोजराज का शव पेड से लटका देखा। इस मामले में अभी परिवार के लोगों के विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सके हैं।