जूडा की हड़ताल खत्म, सरकार ने मांगें मानी
ग्वालियर। सोमवार को जूनियर डॉक्टर्स की हड़ताल खत्म हो गई। इस संबंध में भोपाल स्तर से संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति भी जारी कर दी। जूडा के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार ने उनकी स्टापेंड संबंधी मांगों को मान लिया है। इसलिए वे हड़ताल खत्म कर काम पर वापस आ रहे है। जूडा की हड़ताल के चलते शहर के जयारोग्य अस्पताल की व्यवस्थाएं पिछले कई दिनों से लड़खड़ा गई थी और मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। यहां तक कि मरीज जेएएच से छुट्टी भी कराने लगे थे।
पहले जूडा पदाधिकारियों ने हड़ताल खत्म होने की बात को नकारा: पहले ग्वालियर के जूडा पदाधिकारियों ने हड़ताल खत्म होने की बात को नकार दिया और कहा कि यह महज अफवाह है। उनकी हड़ताल लगातार जारी है और जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। लेकिन करीब एक घंटे बाद जूडा के पदाधिकारियों ने साफ किया कि भोपाल स्तर से जूडा व सरकार के बीच बात चल रही थी। बात चीत के बाद सरकार ने उनकी मांगों को मान लिया है। इसलिए हड़ताल खत्म कर दी गई है और सभी डॉक्टर काम पर आ रहे हैं
कोर्ट ने अवैध घोषित किया था हड़ताल को: पिछले कई दिन से जूनियर डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हाईकोर्ट ने भी डॉक्टरों की हड़ताल को अवैध घोषित कर दिया है। बावजूद इसके जूनियर डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद जूनियर डॉक्टरों ने अपना सामूहिक इस्तीफा भी डीन को सौंप दिया था। इसके बाद लगातार हड़ताल कर रहे थे।
मरीजों को मिलेगी राहत: जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने से जयारोग्य अस्पताल में भर्ती मरीजों को राहत मिलेगी और अस्पताल की व्यवस्थाएं फिर से पटरी पर आ जाएंगी।