चार माह से वेतन न मिलने से नाराज भेल ठेका श्रमिकों ने की हड़ताल, प्रदर्शन जारी
भोपाल। देश की महारत्न कंपनी कंपनियों में शुमार भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स (भेल) की भोपाल इकाई में ठेका श्रमिकों ने काम रोको आंदोलन छेड़ दिया है। इन्हें चार महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे नाराज होकर श्रमिकों ने गुरुवार से प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की शुरुआत बुधवार से हो गई थी, लेकिन अधिक संख्या में ठेका श्रमिक नहीं जुट पाए थे। गुरुवार सुबह आठ बजे से ठेका श्रमिकों का भेल के फाउंड्रीगेट-पांच पर जुटना शुरू हो गया। देखते-देखते ही 250 से अधिक ठेका श्रमिक एकित्रत हो गए। भेल प्रबंधन को भीड तितर-बितर करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ा।
पुलिस ने आकर प्रदर्शन कर रहे ठेका श्रमिकों को समझाइश दी। इसके बाद भी भेल के ठेका श्रमिकों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जिन ठेका श्रमिकों का वेतन ठेकेदारों ने तीन से चार महीने का रोका है, उसे पूरा दिया जाए। वेतन में जो कटौती की गई, उसे भी बहाल किया जाए।
भेल ठेका श्रमिक नेता मनोज सिंह जादौन ने बताया कि कोरोना काल में भेल प्रबंधन ने ठेका श्रमिकों के वेतन में कटौती कर दी। ऐसे में ठेकेदारों ने कई ठेका श्रमिकों को वेतन नहीं दिया। जिन्हें दिया, उन्हें भी पूरा नहीं दिया। इससे ठेका श्रमिकों के आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का भरण-पोषण करने में दिक्कत हो रही है। भेल प्रबंधन के फैसले के बाद ठेका श्रमिकों के वेतन में 2500 रुपये तक की कटौती की गई है। इस फैसले को जल्द वापस लिया जाना चाहिए। ठेका श्रमिकों के साथ वेतन देने में भेदभाव नहीं किया जाए। ऐसे ठेकेदार जो ठेका श्रमिकों को नौकरी देते हैं, उन्हें भी श्रमिकों को पूरा वेतन दिलाने के लिए भेल प्रबंधन के समक्ष मांग रखनी चाहिए।