भाजपा सिलगेर मामले में सिर्फ सियासत कर रही: कांग्रेस
रायपुर। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के आरोपों का जवाब देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सिलगेर मामले में कंफ्यूज्ड हैं। कभी राज्य सरकार पर आरोप लगाते हैं कि भाजपा के जांच दल को घटनास्थल तक जाने नहीं दिया गया। कभी कहते हैं कि भाजपा का जांच दल घटनास्थल तक गया था। इससे स्पष्ट हो गया है कि सिलगेर मामले में भाजपा सियासत कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ने कहा कि शिक्षक भर्ती मामले में भाजपा नेताओं को बोलने का अधिकार ही नहीं है। डा. रमन सिंह के 15 साल के शासन काल में शिक्षा विभाग में सीधी भर्ती नहीं हुई। आरएसएस से जुड़े लोगों के प्लेसमेंट एजेंसियों को फायदा पहुंचाने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से दूसरे राज्यों के लोगों की भर्ती कर राज्य के युवाओं के अधिकार को छीना गया।
आज भाजपा के नेता शिक्षक भर्ती मामले में राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार राज्य में शिक्षकों पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का चरित्र ही है अफवाह फैलाना, गुमराह करना, झूठ बोलना और मनगढ़त कहानी गढ़ कर चरित्र हनन करना है।