पश्चिमी विक्षोभ के असर से शाम सात बजे बाद इंदौर में तेज आंधी के साथ हुई बारिश
इंदौर। पश्चिमी विक्षोभों के असर से इंदौर में गुरुवार शाम को तेज आंधी चली और कुछ समय के लिए हल्की बारिश हुई। इंदौर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। शाम छह बजे से आसमान में घने बादल छाए और हवाओं की गति तेज हुई। शाम सात बजे तेज हवाएं आंधी में तब्दील हाे गई और करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। तेज आंधी के कारण शहर में कई जगह पेड़ गिरने की भी सूचना है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रुप में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके अलावा पाकिस्तान के ऊपर टर्फ के रुप में दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यही वजह है कि इनके कारण अरब सागर से इंदौर की ओर नमी आ रही है, जिससे गुरुवार को इंदौर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। इंदौर में शुक्रवार को भी ऐसी स्थिति निर्मित होने की संभावना जताई जा रही है। यास तूफान का असर अभी रीवा संभाग तक ही सीमित है। इसका असर इंदौर, उज्जैन संभाग में नहीं रहा।
यास तूफान अब बिहार की ओर बढ़ रहा है। इंदौर में शुक्रवार को आसमान में बादल रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। इसके बाद मौसम खुल जाएगा। जब कभी गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलती है ताे बारिश होने के दौरान ये हवाएं अनियमित होकर तेज झोकों में बदल जाती है। इंदौर में भी गुरुवार शाम को ऐसी स्थिति देखने को मिली। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 38 डिग्री दर्ज किया गया वही न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था।