स्कार्पियो और ट्रक में भिड़ंत, दंतेवाड़ा के डिप्टी कलेक्टर घायल
कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे। शुक्रवार देर रात ग्राम बटराली के पास स्कार्पियो और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार डिप्टी कलेक्टर दंतेवाड़ा मुकेश कुमार गोंडा घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा डिप्टी कलेक्टर मुकेश कुमार गोंडा स्कार्पियो से बिलासपुर जा रहे थे। देर रात बटराली गांव के पास स्कार्पियो ट्रक से जा भिड़ी। जोरदार भिंड़त में स्कार्पियो में सवार तीन लोग फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची केशकाल पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद स्कार्पियो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल डिप्टी कलेक्टर को गंभीर चोटें आई है। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया है।