गर्मी तेज, शहर में दोनों समय सांची दूध, दही व मठा की मांग
भोपाल। गर्मी तेज है। शहर में उपभोक्ता दोनों समय सांची दूध व दही—मठा की मांग कर रहे हैं लेकिन लॉकडाउन की वजह से सांची पार्लर सुबह नौ बजे तक ही खुल रहे हैं। इस वह से पर्याप्त दूध व दही, मठा नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से कहा है कि एक घंटे के शाम को भी दूध की सप्लाई बहाल की जानी चाहिए।
उपभोक्ता गुलाब अहिरवार ने कहा कि प्रशासन को सुबह के समय में एक घंटे कटौती करके शाम को एक घंटे सांची पार्लर खोलने की अनुमति देनी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि हजारों परिवार शहर में ऐसे हैं जो दूध खरीदकर अधिक समय तक नहीं रख सकते हैं। गर्मी में ऐसा करने पर दूध खराब हो जाता है। ऐसे परिवारों के पास फ्रिज आदि नहीं है। यदि शाम को भी पार्लर किसी एक निश्चित समय में एक घंटे के लिए खुले तो आसानी होगी। हालांकि उन परिवारों को दिक्कत नहीं है जिनके पास दूध स्टोर करके रखने की सुविधा है। पार्लर संचालक अनिल सिंह ने भी प्रशासन से कहा है कि शाम को थोड़ी समय पार्लर खोलने की अनुमति देनी चाहिए, क्योंकि जो दूध मंगवाते हैं वह पूरा नहीं बिका तो पूरे दिन से लेकर अगले दिन सुबह तक खराब होने की संभावना बढ़ जाती है। खराब भी हो रहा है। नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बता दें कि राजधानी में सामान्य दिनों में 10 लाख लीटर दूध की खपत का अनुमान है जो गर्मी के दिनों में बढ़ जाती है। दही, मठा, लस्सी की मांग भी हर साल गर्मी के दिनों में अधिक होती हैं। भोपाल सहकारी दुग्ध संघ इनमें से 3 लाख लीटर दूध की सप्लाई करता है। बाकी का दूध निजी ब्रांड का व खुला दूध सप्लाई होता है। अभी संघ सीमित समय के लिए पार्लर खुलने की वजह से शहर में महज 2.70 लाख दूध ही सप्लाई कर पा रहा है।