श्रमिक की मौत, जांच में उलझी पुलिस
बिलासपुर। लोरमी थाना क्षेत्र के कौहाभाठा में ईंट भठ्ठा श्रमिक के मौत के मामले में पुलिस उलझ गई है। मृतक के शरीर में कई जगहों पर चोट के निशान थे। वहीं, शव के आसपास खून भी फैला था। वहीं, मृतक के भाई ने हत्या का आरोप भी लगाया है। मामले में पुलिस पोस्टमार्टम का इंतजार कर रही है।
मंगलवार की सुबह तखतपुर क्षेत्र के निगारबंद सूरीघाट निवासी विजय कैवर्त(28 वर्ष) की लाश कौहाभाठा में मिली थी। मृतक यहां पर रोजी मजदूरी करते थे। वे अपनी पत्नी रजनी कैवर्त और बच्चों के साथ ईंट भठ्ठे में ही झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। सोमवार की रात वे परिवार के साथ खाना खाने के बाद झोपड़ी के बाहर परिवार के साथ सो रहे थे।
सुबह झोपड़ी के अंदर उनकी फांसी पर झूलती लाश मिली थी। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक की पत्नी ने बताया कि रात नौ बजे विजय झोपड़ी के अंदर सोने चला गया था। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। सुबह जब वह झोपड़ी में पहुंची तो उनकी लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी। मृतक के भाई संजय ने बताया कि मृतक के शरीर में कई जगह पर मारपीट के निशान थे।
इसके अलावा उसके पैर में चोट के निशान थे। वहीं, घटना स्थल पर खून फैला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। लोरमी थाना प्रभारी सुबोध सहाय ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। मृतक की पत्नी रजनी से पूछताछ की गई है। वहीं, झोपड़ी के आसपास रहने वालों से भी इस संबंध में जानकारी ली गई है।