बाइक सवार को बचाते हुए पलट गई अनियंत्रित कार, चालक की मौत
बिलासपुर।सीपत क्षेत्र के नवागांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दरअसल कार सवार युवक सामने आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में खुद हादसे का शिकार हो गए। इस घटना में कार चालक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक घायल है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार सीपत निवासी देवराज धीवर पिता किशोर कुमार धीवर (27) सीपत के ही विद्युत सब स्टेशन में ठेका कर्मी था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त अविनाश उर्फ आशु सिंह राजपूत पिता विजय सिंह राजपूत (25) को कार में लेकर अपने रिश्तेदार के घर गया था। देवराज कार चला रहा था।
रात करीब आठ बजे दोनों रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। तभी नवागांव रोड के पास बाइक सवार युवक सामने आ गया। उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक बाइक सवार को देखकर उसे बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते पलट गई। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस बीच राहगीरों ने इस घटना की सूचना पुलिस के डायल 112 को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में देवराज धीवर की मौत हो गई। बताया देवराज की तीन माह पहले शादी हुई थी। वहीं इस हादसे में घायल अविनाश को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंची, तब कार सवार युवक आहत पड़े थे। वहीं जिस बाइक सवार युवक को बचाने के प्रयास में हादसा हुआ था। वह युवक बाइक लेकर गायब हो गया था।