लक्षद्वीप ने जापान को टुना मछली का निर्यात शुरू किया, प्रतिदिन 5 टन टोक्यो भेजने की तैयारी
तिरुअनंतपुरम। लक्षद्वीप प्रशासन ने बेंगलुरु के रास्ते अपने यहां की प्रमुख टुना मछली का जापान को निर्यात शुरू कर दिया है। टुना मछली की पहली खेप शनिवार को अगति हवाई अड्डे से बेंगलुरु लाई गई। केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन ने इसके निर्यात के लिए निजी क्षेत्र से हाथ मिलाया है। लक्षद्वीप के जिलाधिकारी एस असकर अली ने बताया कि हम जापान को टुना मछली का निर्यात बढ़ाना चाहते हैं। प्रशासन बेंगलुरु के रास्ते प्रतिदिन पांच टन टुना मछली टोक्यो भेजना चाहता है। वापसी में यह चार्टर्ड विमान बेंगलुरु से तमाम जरूरी चीजें लक्षद्वीप लाएगा। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप में 7,197 रजिस्टर्ड मछुआरे हैं। ये मछुआरे मछली मारने के लिए 2,158 मोटरयुक्त नौका का इस्तेमाल करते हैं। केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान के एक अध्ययन में कहा गया है कि लक्षद्वीप के पास हर महीने एक लाख टन टुना मछली के निर्यात की संभावनाएं हैं।