तिरंगा लगाते वक्त क्रेन टूटी, 3 की मौके पर मौत, अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जहां महाराज बाड़ा पर क्रेन टूटने से 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
महाराज बाड़ा पर स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर नगर निगम कर्मचारी तैयारी कर रहे थे। जहां क्रेन की मदद से ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस बिल्डिंग पर तिरंगा झंडा लगाया जा रहा था। उस वक्त क्रेन की हाइड्रॉलिक मशीन का प्लेटफॉर्म करीब 60 फीट ऊंचाई पर था। अचानक ये प्लेटफॉर्म टूट गया और निगमकर्मी गिर गए।
तीन कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में विनोद धाकड़ ,कुलदीप डंडोतिया,प्रदीप राजौरिया शामिल है वहीं मंजे लालम नामक कर्मचारी की हालत गम्भीर बताई जा रही है। मृतकों के शवों को पीएम हाउस के लिए भेज दिया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल का उपचार जारी है।
वहीं आरोप है कि बड़ी लापरवाही से हादसा हुआ है। घटना की सूचना पर प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान निगम कर्मचारी नेता ने अफसरों पर गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारी नेता का कहना है कि अनट्रेंड कर्मचारियों को झंडा लगाने भेजा गया इसलिए हादसा हुआ है। प्रभारी मंत्री सिलावट ने घटना की जांच के आदेश दिए है। वहीं मंत्री सिलावट ने हादसे को दुखद बताया और कहा कि पूरी सरकार मृतक कर्मचारियों के दुख में खड़ी है। हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी।
सीएम शिवराज व पूर्व सीएम कमलनाथ ने जताया शोक
इस हादसे को लेकर सीएम शिवराज ने ट्वीट करते हुए लिखा- ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस पर मशीन अनलोड करते समय हुई दुर्घटना में 3 कर्मचारियों के निधन व 3 लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को संबल देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी जताया शोक
ग्वालियर में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के दौरान क्रेन में हुए हादसे में कुछ लोगों की मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ व कुछ लोगों कर घायल होने की जानकारी मिली। पीड़ित परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।
दिग्विजय सिंह ने लगाया
ग्वालियर निगम हादसे पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि हादसे की जांच होनी चाहिए सरकार को मुआवजा देना चाहिए। निगम कमिश्नर की नियुक्ति पर दिग्विजय सिंह ने कहा -आयुक्त की नियुक्ति का पैसा नहीं पहुंचा होगा। इसीलिए बिना कमिश्नर के चल रहा है निगम। आज सुबह महाराज बाड़ा पर हाइड्रोलिक मशीन टूटने से 3 लोगों की हो चुकी है मौत।