झाबुआ जिले में सवारियों से भरा टेंपो पुल से तालाब में गिरा, 6 लोग घायल
झाबुआ-जामली। धतुरिया मोहनपुरा मार्ग पर ग्राम बेकल्दा के समीप बड़े तालाब के पुल पर सोमवार दोपहर सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर कच्चे पुल से नीचे सीधा तालाब में जा गिरा। घटना में एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई,वही पांच अन्य भी घायल हुए। बताया जा रहा है कि टेंपो में बच्चे भी बैठे हुए थे। गनीमत यह रही कि टेंपो तालाब में सीधा गिरने के बाद खड़ा हो गया। इससे अंदर बैठे लोग तुरंत बाहर निकलने लग गए। टेंपो में करीब 15 सवारी बैठी थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम नवीनपाड़ा से टेंपो चालक भरकर धतुरिया की ओर जा रहा था। तभी बेकल्दा के समीप बडे तालाब के कच्चे पुल पर नियंत्रण खो बैठा। यह पुल बेहद गड्ढे वाला कीचड़ से लबरेज है। इसमें कोई सुरक्षा प्रबंध और रैलिंग भी नहीं है। ऐसे में नियंत्रण खोकर टेंपो सीधे तालाब में डूब गया।
तालाब की गहराई ज्यादा होने के चलते वाहन का उपरी हिस्से कोना ही पानी के बाहर था। अफरा तफरी के माहौल में ग्राम बेकल्दा के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुछ डूबते लोगों को बाहर निकाला। कई लोग तो जैसे-तैसे बाहर निकले। मौके पर ग्राम बेकल्दा के समीप घटना से ग्रामीणों व आसपास क्षेत्र के लोगों में जर्जर कच्चे पुल को लेकर आक्रोश दिखा। लोगों ने 108 वाहन बुलाकर घायलोंं को चिकित्सालय पहुंचाया।
पहले भी हो चुके हादसे
उक्त पुल से किसी वाहन के नीचे तालाब मे गिरने की यह पहली घटना नहीं है। इसके दो वर्ष पूर्व पहले भी एक तूफान जीप तालाब में जा गिरी थी। दरअसल बड़े तालाब पर बना इस पुल पर कच्ची मिट्टी डली है और यहां बेहद गड्ढे हैं। करीब 300 मीटर लंबा यह पुल पार करने में वाहन चालकों को बड़ी परेशानी होती है। कई बार बारिश के समय यह पुल जलमग्न भी हो जाता है। पुल बनाने को लेकर क्षेत्रवासी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं।