आजमगढ़ का युवक सीसीटीवी फुटेज में भी अकेला आया नजर, पुलिस खुदकुशी का मामला मानकर चल रही
भोपाल। एमपी नगर के होटल राम रेसीडेंसी में उप्र के आजमगढ़ जिले से आए युवक की फांसी लगाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज रविवार को चेक किए। इसमें वह अकेला ही नजर आ रहा है। पुलिस को मृतक का मोबाइल भी फ्लाइट मोड में मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला था। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद एमपी नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद आजमगढ़ के लिए रवाना कर दिया था। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला खुदकुशी का ही लग रहा है।
एमपी नगर थाने के एएसआइ आनंद सिंह परिहार के अनुसार सुल्तानपुर आजमगढ़ निवासी 20 वर्षीय धर्मपाल सिंह एक निजी स्कूल में नौकरी करता था। उसके घर में माता-पिता और भाई-बहनें हैं। पिता किसान हैं। धर्मपाल छह अप्रैल को घर से निकला था। परिवार फोन लगा रहा था, लेकिन बात नहीं हो सकी थी। गुरुवार शाम को धर्मपाल एमपी नगर जोन-दो स्थित राम रेसीडेंसी में पहुंचा और एक कमरा लेकर रुक गया। शुक्रवार को होटल के कर्मचारी कमरे में गए तो दरवाजा नहीं खुला। होटल के कर्मचारियों ने सोचा कि सो रहा होगा। दोबारा कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। जबाव नहीं मिलने पर खिड़की से झांककर देखा तो पाया कि वह पंखे से फांसी पर लटका है। इसके बाद होटल के मैनेजर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक आनंद सिंह का कहना है कि अब तक मिले साक्ष्यों से धर्मपाल का फांसी लगाकर जान देना ही प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर लिए हैं। मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। उन्होंने सिर्फ गुमसुम रहने और तनाव में रहने की बात बताई है।